कल सुबह 10 बजे रवाना होगी पैदल यात्रा, 58 किमी का सफर एक पड़ाव के साथ दो दिन में पूरा होगा
सुप्रसिद्ध समाजसेवी अरुल अशोक अरोरा गंगानगर द्वारा ऐतिहासिक आयोजन, बैठक में तैयारियों की चर्चा
नीमच। मालवा-मेवाड़ में धार्मिक आस्था के केंद्र मंडफिया स्थित श्रीकृष्णधाम सांवलिया सेठ के दरबार के लिए नीमच से 4 फरवरी को सुबह 10 बजे सीआरपीएफ रोड गुरुद्वारा चौराहा से हजारों भक्त पैदल यात्रा पर रवाना होंगे। यात्रा की तैयारियां पूरी हो चुकी है। रविवार शाम को स्टेशन रोड स्थित किलेश्वर महादेव मंदिर में वरिष्ठ समाजसेवी अशोक जी अरोरा गंगानगर की उपस्थिति में बैठक हुई। इसमें आयोजन समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे। रविवार को पंजीयन का आखिरी दिन था। शाम तक सभी पंजीयन केंद्रों से मिले प्रारंभिक आंकड़ों को देख बैठक में चर्चा की। पैदल यात्रा में हजारों की संख्या में उमड़ने वाले जनसैलाब को यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं हो इसके लिए समिति के सदस्यों को विशेष जिम्मेदारी दी गई है। बाहर से आने वाले भक्तों के लगेज रखने व उन्हें वापस लौटाने, निंबाहेड़ा में भक्तों के भोजन, पानी, रात्रि विश्राम, सुबह नाश्ता सहित अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा की। सोमवार शाम को लायंस पार्क चौराहे पर होने वाले सांवरिया संकीर्तन में भी हजारों की संख्या में भक्त आएंगे। उनकी व्यवस्था पर भी चर्चा की।
समाजसेवी अरुल अशोक अरोरा गंगानगर द्वारा देश में खुशहाली, अमन चैन और जिले की सुख-समृद्धि की कामना के लिए नीमच से सांवलिया सेठ के दरबार तक पैदल यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। 58 किमी का सफर एक पड़ाव के साथ दो दिन में पूरा होगा। पैदल यात्रा की पूर्व संध्या पर 3 फरवरी सोमवार शाम को शहर के मध्य लायंस पार्क चौराहा पर श्री सांवलिया भक्त मंडल व वरिष्ठ समाजसेवी अरुल अशोक अरोरा गंगानगर द्वारा विशाल सांवरिया का संकीर्तन का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रसिद्ध भजन गायक गोकुल शर्मा द्वारा भगवान श्रीकृष्ण जी व सांवलिया सेठ के भजन सुनाएंगे।
पहली बार ऐसा ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन
शहर में पहली बार ऐसा ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन हो रहा है। जिसमें हजारों भक्त शामिल होंगे। यात्रा में शामिल होने वाले भक्तों में पंजीयन को लेकर अपार उत्साह रहा। वरिष्ठ समाजसेवी अरुल अशोक अरोरा गंगानगर द्वारा किए जा रहे इस आयोजन में शहर सहित जिले के भक्त दो दिन सांवरिया की भक्ति में डूबेंगे। विशाल पैदल यात्रा की पूर्व संध्या 3 फरवरी सोमवार को शाम 6.15 बजे से लायंस पार्क चौराहे पर सांवरिया संकीर्तन का आयोजन होगा। इसमें प्रसिद्ध भजन गायक गोकुल शर्मा द्वारा एक से बढ़कर एक भजन सुनाएंगे।
कृषि उपज मंडी निंबाहेड़ा में संकीर्तन व रात्रि विश्राम
मंडफिया स्थित श्रीकृष्णधाम सांवलिया जी के लिए 4 फरवरी को सुबह 10 बजे नीमच शहर के सीआरपीएफ रोड स्थित गुरुद्वारा चौराहा से पैदल यात्रा रवाना होगी। जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नयागांव होकर शाम को निंबाहेड़ा कृषि उपज मंडी प्रांगण पहुंचेगी। जहां पैदल यात्रा में शामिल भक्तों के लिए रात्रि विश्राम की व्यवस्था रहेगी। मंडी प्रांगण में शाम 7.15 बजे से सांवरिया संकीर्तन में प्रसिद्ध भजन गायक गोकुल शर्मा द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। 5 फरवरी को सुबह पैदल यात्रा सांवलिया सेठ के लिए रवाना होगी। दोपहर में यात्रा मंडफिया पहुंचेगी। जहां भगवान सांवलिया सेठ के दरबार में हजारों भक्तों द्वारा देश में खुशहाली, अमन चैन और जिले की सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी।