नीमच के 4 स्टार खिलाड़ी पंचकूला पहुंचे, स्विमफ्लाय प्लेयर्स की एक और बड़ी छलांग

नीमच। एशियन पेंटाथलॉन चैंपियनशिप जापान में होगी। इसमें शामिल होने वाले भारतीय दल का चयन आज शनिवार को पंचकूला में होगा। इसी में शामिल होने नीमच स्विमफ्लाय स्पोर्ट्स क्लब के चार स्टार खिलाड़ी सिद्धांत गोपाल सिंह जादोन, आयुष सुनील शर्मा, पृथ्वी राज गजेंद्र हारोड व कनकश्री तेजप्रकाश धारवाल ताऊ देवीलाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पंचकूला पहुंच गए हैं।
मेंटोर प्रभु मूलचंदानी एवं मोटिवेटर राकेश कोठारी ने बताया कि नवंबर में जापान में होने वाली एशियन चैम्पियनशिप की तैयारी के लिए खिलाड़ियों और कोचेस ने दिन-रात मेहनत की है। गौरतलब है कि मॉडर्न पेंटाथलॉन में खिलाड़ी को एक साथ पांच खेल तैराकी, लेजर शूटिंग, फेंसिंग, रनिंग व ऑब्स्टेकल – में भाग लेना होता है। जो खेल को बेहद साहसिक और चुनौतीपूर्ण बनाता है।
वर्ल्ड चैम्पियनशिप भी इसी वर्ष होगी
मोर्डन पेंटाथलॉन अध्यक्ष डॉ. मनीष चमड़िया ने बताया कि वर्ष 2025 स्विमफ्लाय क्लब के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। क्योंकि इस वर्ष नवंबर में एशियन चैम्पियनशिप जापान और वर्ल्ड चैम्पियनशिप का साउथ अफ्रीका में आयोजन होना है।